
बीएसएस प्रणवानंद अकादमी के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल डेका
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका आज भारत सेवा संघ प्रणवानंद अकादमी के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के लिए 2 लाख रूपये प्रोत्साहन राशि राजभवन की ओर से देने की घोषणा की।
वार्षिकोत्सव में मुख्यअतिथि राज्यपाल श्री डेका ने अपने उद्बोधन में कहा कि गुरूकुल आश्रम शिक्षा की पद्धति हमारी देश की प्राचीन काल की पद्धति है जहां वेद, उपनिषद के साथ-साथ नैतिकता, आध्यात्म की शिक्षा दी जाती थी। भगवान राम और कृष्ण ने भी गुरूकुल से शिक्षा प्राप्त की थी। वर्तमान समय में भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित यह अकादमी भी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वे भी इस संस्था से जुड़े हुए है और यह संस्था जरूरत मंदों लोगों के लिए कार्य कर रही है जो बहुत सराहनीय है।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 लागू करने से विद्यार्थियों का संर्वागीण विकास होगा। आज हम सभी एक प्रतिस्पर्धा में हैं। हर विद्यार्थी को मेडिकल एवं इंजीनियर में जाना है। नई पीढ़ी की सबसे समस्या दूसरों की नकल करना है। अपनी क्षमता एवं रूचि के अनुसार अपना कैरियर चुनने का निर्णय उन्हें लेने चाहिए। अपनी अंतरात्मा की आवाज सुने दुसरों की नकल न करें। विदेशों में बड़े-बड़े पैकेज की नौकरी मिलती है लेकिन सुकून नहीं मिलता है।