छत्तीसगढ़ में दो दिनों में 5.64 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी
प्रदेश के 2,030 केंद्रों में शुरू हुई खरीदी, बालोद जिला सबसे आगे
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का महाअभियान जारी है। प्रदेश के 3,095 उपार्जन केंद्रों से दो दिनों में कुल 5 लाख 64 हजार 470 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 नवंबर को बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से खरीदी अभियान का शुभारंभ किया। इससे पहले 15 नवंबर को उन्होंने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की थी।
2,030 केंद्रों में शुरू हुई धान खरीदी
किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष प्रदेश में कुल 3,100 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 2,847 केंद्रों में टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2,030 केंद्रों में धान की खरीदी प्रारंभ हो गई है। दो दिनों के आंकड़ों के अनुसार खरीदे गए धान में 3 लाख 26 हजार 110 मीट्रिक टन मोटा, 2 लाख 16 हजार 482 मीट्रिक टन पतला और 21 हजार 877 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है।
बालोद जिले में सबसे ज्यादा खरीदी
जिलावार आंकड़ों के अनुसार बालोद जिले में सबसे अधिक 67,125.20 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। इसके बाद राजनांदगांव में 64,095.60 क्विंटल और महासमुंद जिले में 56,454 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है।
टोकन और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर
राज्य सरकार ने उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थित खरीदी, टोकन व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। सरकार का उद्देश्य किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा देना और उनकी मेहनत का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है। प्रदेशभर में खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है।