जशपुर के 50 विद्यार्थी बनाएंगे अपना सैटेलाइट, अप्रैल 2027 में होगा प्रक्षेपण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने JOHAR Edu-SAT परियोजना का किया शुभारंभ, जनजातीय बच्चों को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान का प्रशिक्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने की दिशा में जशपुर जिले में नई पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित अपने निवास पर ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ किया। इसके तहत जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड तैयार कर रहे हैं, जिसका प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
परियोजना के तहत विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्हें इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है। परियोजना का क्रियान्वयन जिला प्रशासन जशपुर द्वारा अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और IDYM फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस परियोजना के अंतर्गत तैयार होने वाले शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड को इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रक्षेपित करने की योजना है। इसका उद्देश्य विद्यालयों के संदेशों को अंतरिक्ष से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है, जहां विद्यार्थी सैटेलाइट को ट्रैक करने और उससे प्राप्त डेटा को समझने का प्रशिक्षण लेंगे।
JOHAR Edu-SAT की खासियत यह है कि जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थी अब अंतरिक्ष विज्ञान को केवल किताबों में पढ़ने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वास्तविक सैटेलाइट मिशन की तकनीकी प्रक्रियाओं से भी जुड़ेंगे। यह पहल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।