बलरामपुर जिले के 6,968 परिवारों को मिला पक्का आशियाना
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से अब तक पूर्ण हुए कुल 6,968 नवनिर्मित आवासों का भव्य सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम 11 सितंबर 2026 को पूरे जिले में उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
विकासखंडवार पूर्ण हुए आवासों की स्थिति
- रामचन्द्रपुर: 2,276 आवास
- वाड्रफनगर: 1,772 आवास
- कुसमी: 1,215 आवास
- बलरामपुर: 1,142 आवास
- राजपुर: 353 आवास
- शंकरगढ़: 210 आवास
पारंपरिक रीति-रिवाज से सौंपी गई चाबियां
जिले के सभी विकासखंडों में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। वर्षों से कच्चे मकानों और झोपड़ियों में जीवन बिता रहे परिवारों के लिए यह पल बेहद भावुक और गौरवशाली रहा। आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान से पहले इन घरों का मिलना जिले के लिए एक विशेष उपलब्धि है।
सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य का आधार
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि पक्का आवास केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार है। प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि हर पात्र परिवार को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास मिले।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
लाभान्वित हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूरदर्शी नीतियों के कारण ही उनका पक्के घर का सपना साकार हुआ है। प्रशासन ने शेष बचे स्वीकृत आवासों को भी प्राथमिकता से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।