अपेक्स बैंक में रक्तदान शिविर, थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों के लिए जुटा रक्त
अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदार गुप्ता की पहल पर नवा रायपुर और पंडरी शाखा में हुआ आयोजन
रायपुर, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अपेक्स बैंक मुख्यालय नवा रायपुर और अपेक्स बैंक शाखा पंडरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अपेक्स बैंक और काश फाउंडेशन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर रायपुर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता की पहल की सराहना की गई। कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक एवं अपर आयुक्त सहकारिता के. एन. कांडे, काश फाउंडेशन की संस्थापक काजल सचदेव और चेयरमैन सुरेश सचदेव भी उपस्थित रहे।
थैलेसीमिया और सिकल सेल पीड़ित बच्चों के लिए विशेष पहल
यह रक्तदान शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया और अन्य रक्त संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए आयोजित किया गया था। इन बीमारियों से प्रभावित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है और उन्हें निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है।
42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद बच्चों के उपचार में
शिविर में अपेक्स बैंक मुख्यालय, पंडरी शाखा, पंजीयक सहकारिता कार्यालय, बैंक के हितग्राहियों तथा अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद बच्चों के उपचार में किया जाएगा।
सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में जयदीप ब्लड एवं कंपोनेंट सेंटर सहित अपेक्स बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम में डीजीएम भूपेश चंद्रवंशी, एजीएम अरुण पुरोहित, एल. के. चौधरी, अजय भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अपेक्स बैंक की यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के प्रति बैंक की संवेदनशील प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण है। रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी अभियान समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।