17 सितंबर को हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, CM साय ने की खास अपील
सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण और जरूरतमंदों की मदद से जुड़ने का आह्वान
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर 17 सितंबर की शाम छत्तीसगढ़ में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम 7 बजे प्रदेश के हर घर में यह दीया जलाया जाए और इसे सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान प्रदेशवासी अपने आसपास स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और अन्य जनसेवा के कार्यों में शामिल हो सकते हैं।
सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति का हिस्सा है। अगर समाज का हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार किसी जरूरतमंद की मदद करे या सार्वजनिक हित का कोई काम करे तो इसका असर व्यापक होगा। उन्होंने लोगों से खुद अभियान से जुड़ने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
साय ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और लंबे जीवन के लिए प्रदेशवासियों की शुभकामनाओं का प्रतीक होगा। साथ ही यह विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी के संकल्प को भी मजबूत करेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में सामूहिक प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब छत्तीसगढ़ के गांव और शहर मजबूत हों और हर परिवार विकास से जुड़े। सेवा संकल्प अभियान इसी सामूहिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाने का अवसर है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम न मानकर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा जनआंदोलन बनाएं।