छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, अब तक 996.5 मिमी बारिश; बलरामपुर सबसे आगे
रायपुर, छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून का प्रदर्शन अब तक सामान्य के करीब बना हुआ है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 19 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 996.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत वर्षा 1033.6 मिमी का 96.4 प्रतिशत है।
जिलों में बारिश का आंकड़ा अलग-अलग रहा है। बलरामपुर में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक 1488.5 मिमी बारिश हुई है, जो औसत का 169.7 प्रतिशत है। वहीं सूरजपुर में 1138.1 मिमी और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1139.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर समेत कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
रायपुर संभाग में भी मानसून की स्थिति अच्छी रही है। रायपुर जिले में अब तक 1091.2 मिमी यानी सामान्य का 126.9 प्रतिशत बारिश हुई है। महासमुंद में 1128.5 मिमी, गरियाबंद में 1191.9 मिमी, बलौदाबाजार में 1007.1 मिमी और धमतरी में 1061 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बिलासपुर संभाग में सारंगढ़-बिलाईगढ़ 1127.8 मिमी बारिश के साथ आगे है। यहां सामान्य से 138.5 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई। मुंगेली में 1003.7 मिमी और जांजगीर-चांपा में 1101.5 मिमी बारिश हुई है।
बस्तर में बारिश का मिला-जुला असर
दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बारिश का असर अलग-अलग रहा। नारायणपुर में 1376.6 मिमी यानी सामान्य का 108.6 प्रतिशत बारिश हुई है। दंतेवाड़ा में 1232.8 मिमी, बस्तर में 1045.6 मिमी और कोंडागांव में 936.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं कांकेर में प्रदेश की सबसे कम 67 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। जिले में अब तक 945.7 मिमी पानी बरसा है। बीजापुर में 70.3 प्रतिशत और सुकमा में 69.3 प्रतिशत बारिश हुई है।
19 सितंबर को प्रदेश में औसतन 4 मिमी दैनिक बारिश दर्ज की गई। इस दिन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 17.3 मिमी, नारायणपुर में 16.5 मिमी और कांकेर में 16.3 मिमी बारिश हुई। वहीं जांजगीर-चांपा, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में दिनभर बारिश नहीं हुई।