8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव से बदल रही छत्तीसगढ़ की तस्वीर, अंबिकापुर में ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का आगाज
अंबिकापुर, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, सामाजिक सेवा और परोपकार की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसर बढ़ाने में उद्योग एवं व्यापार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दे रही है। औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव राज्य को मिल चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर आने से औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
33 जिलों में खुलेंगे उद्यमिता विकास केंद्र
मुख्यमंत्री ने युवाओं को उद्यमिता और स्टार्टअप से जोड़ने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को नई तकनीक, कौशल, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
निर्यात नीति से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसके जरिए छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने सरगुजा क्षेत्र की पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी संभावनाओं का भी उल्लेख किया। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने के बाद होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं में निवेश की संभावनाओं पर भी उन्होंने बात रखी।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिलाओं और युवाओं के लिए आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
युवाओं से उन्होंने आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाने के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा सिर्फ नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि नए उद्यम शुरू कर दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करें।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ, ‘अग्रकुल दर्शन’ का विमोचन
अग्र महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों एवं कारोबार की जानकारी ली। इस मौके पर ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समेत सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित देशभर से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।