मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर भीषण बस हादसा, 6 लोगों की मौत; मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में 6 लोगों की मौत से शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों के परिवारों और घायलों को मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
घायलों के उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।
गंभीर घायलों को अंबिकापुर किया गया रेफर
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल यात्रियों का उपचार सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में जारी है। इनमें से गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार सभी घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।