छत्तीसगढ़ में डिजिटल होगी पंजीयन व्यवस्था, ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण शुरू
रायपुर, छत्तीसगढ़ में जमीन और संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया को आधुनिक, सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में विकसित ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में शुरू कर दिया गया है।
इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को कई आधुनिक डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित दस्तावेज तैयार करने, आधार ई-केवाईसी से पहचान सत्यापन, डिजिटल हस्ताक्षर, ऑनलाइन भुगतान और अपॉइंटमेंट बुकिंग जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा मॉडल डीड डाउनलोड करने और संपत्ति के स्वचालित मूल्यांकन की सुविधा भी मिलेगी।
फिलहाल नई व्यवस्था का परीक्षण केवल तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय में किया जा रहा है। रायपुर जिले के अन्य कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष पंजीयन कार्यालयों में पुरानी NGDRS सॉफ्टवेयर व्यवस्था के माध्यम से पंजीयन कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा। तकनीकी परीक्षण और जरूरी सुधार पूरे होने के बाद ‘धरोहर’ पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से प्रदेशभर में लागू किया जाएगा।
पोर्टल के तहत अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों के पंजीयन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। अब तक रायपुर जिले में 33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी अनुमोदित की जा चुकी है। इसके माध्यम से वे पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने के साथ लाइसेंस आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
नई व्यवस्था में स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का भुगतान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा NEFT/RTGS के जरिए ऑनलाइन किया जा सकेगा। इससे नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होगी और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। पायलट परीक्षण के दौरान मिलने वाले सुझावों के आधार पर तकनीकी सुधार किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक पंजीयन सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।