खैरागढ़ के अथर्व सिंह का राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन, अंडमान-निकोबार में दिखाएंगे दम
रायपुर, छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के युवा फुटबॉल खिलाड़ी अथर्व सिंह ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब अथर्व अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर बुधवार को वेसलियन स्कूल, खैरागढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अथर्व सिंह के साथ उनके पिता अभिलेख सिंह और माता नीलू सिंह को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि अथर्व का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अथर्व को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अथर्व के इस चयन से जिले के युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।