अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खनिज विभाग की कार्रवाई, वाहन मालिकों पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर विभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
खनिज विभाग के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र से रेत से भरे 4 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं सारबहरा क्षेत्र से पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र से रेत से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इन दोनों वाहनों को अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।
विभाग ने जब्त किए गए वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरणों में नियमानुसार अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद ही वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित जांच करने और अवैध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।