शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई, दो ठेकेदारों को नोटिस
15 दिनों में मांगा जवाब, सड़क के रखरखाव में लापरवाही पर छह उप अभियंताओं को भी नोटिस
पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण में निर्माण गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा मानकों में मिलीं कमियां
रायपुर, शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क के अधूरे निर्माण, गुणवत्ता में कमी और उखड़ी सड़क के मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्त रुख अपनाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों के निरीक्षण और जांच के बाद विभाग ने संबंधित दो ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों ठेकेदारों से 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
परफॉर्मेंस गारंटी के दौरान सड़क खराब होने पर कार्रवाई
विभाग के अनुसार, शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क अभी परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। इसके बावजूद सड़क की सतह पर क्षति और रखरखाव में लापरवाही सामने आई है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अधूरा होने और गुणवत्ता संबंधी कमियों को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया है। विभाग ने संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
छह उप अभियंताओं को तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
सड़क के निर्माण के बाद उसकी स्थिति और रखरखाव में लापरवाही के मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बालोद के छह उप अभियंताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधिकारियों के जवाबों की समीक्षा की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, खराब सड़कों के रखरखाव में जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर जोर देना है।