आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का हुआ सम्मान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की सराहना
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला हैं और कार्यकर्ता व सहायिकाएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। गांव-गांव और घर-घर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। कठिन परिस्थितियों में भी वे समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों के माध्यम से पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और प्रत्येक गर्भवती महिला को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके परिश्रम एवं सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।