छत्तीसगढ़ में 520 स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र, 14 जिलों में मिलेगी सेवाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से काफी उम्मीदें रखते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल सरकारी कर्तव्यों का निर्वहन करना नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और समर्पण दिखाना भी है। उन्होंने कहा कि रोगियों की सेवा को पुण्य कार्य मानकर पूरी ईमानदारी और मनोयोग से काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।
छह संवर्गों में हुई नियुक्तियां
स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त किए गए 520 कर्मचारियों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला के 94, फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पद शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में अपनी सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ने तथा मरीजों को उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारियों की पदस्थापना वाले अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विशेष जिम्मेदारी का कार्य है। उन्होंने बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर इलाज प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से स्थानीय लोगों के विश्वास पर खरा उतरने और जरूरतमंद मरीजों की सेवा को प्राथमिकता देने की अपील की।
स्वास्थ्य अधोसंरचना और भर्तियों पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद पिछले 25 वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सभी 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य आवश्यक पदों पर आगे भी जरूरत के अनुसार भर्तियां की जाएंगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त संजीव झा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त कर्मचारी उपस्थित रहे।