21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी 13,839 रुपये की सहायता
छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। इस फैसले से कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को विशेष राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में लगभग 27.50 लाख किसानों से धान खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इसके बाद प्रदेश में कुल 3,100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी।
गन्ना किसानों को भी राहत
सरकार ने गन्ने की उपार्जन दर 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दी है। यानी किसानों को प्रति क्विंटल 70 रुपये अधिक मिलेंगे। इस बढ़ी हुई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 के किसानों को भी दिया जाएगा।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस
मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। इस दौरान जनजातीय समाज के योगदान और बलिदान को याद किया जाएगा।
जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसके साथ ही 67 प्रकार की लघु वनोपज की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है, जिससे लगभग चार लाख संग्राहक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।