धान खरीदी के पहले दिन बालोद प्रदेश में दूसरे स्थान पर, 750 किसानों से खरीदा गया धान
130 उपार्जन केंद्रों में 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी, 90 प्रतिशत से अधिक किसानों ने लिया डिजिटल टोकन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन बालोद जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। जिले के 130 उपार्जन केंद्रों में 750 किसानों से कुल 2,489.08 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई व्यवस्थाओं के चलते खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हुई।
प्रदेश की कुल खरीदी में बालोद की 12.27 प्रतिशत हिस्सेदारी
मार्कफेड की 15 नवंबर की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन प्रदेश में कुल 20,282.36 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इसमें बालोद जिले की हिस्सेदारी लगभग 12.27 प्रतिशत रही। 2,658.08 मीट्रिक टन खरीदी के साथ राजनांदगांव पहले स्थान पर रहा, जबकि बालोद 2,489.08 मीट्रिक टन के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महासमुंद 2,087.64 मीट्रिक टन और धमतरी 1,998.32 मीट्रिक टन के साथ इसके बाद रहे।
90 प्रतिशत से अधिक किसानों ने ऐप से लिया टोकन
धान खरीदी के पहले दिन जिले में कुल 848 टोकन जारी किए गए, जिनके माध्यम से 3,074.06 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित थी। इनमें से 792 टोकन किसानों ने स्वयं ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से प्राप्त किए, जबकि 56 टोकन सेवा सहकारी समितियों ने जारी किए। ऐप के माध्यम से टोकन लेने वाले 698 किसानों ने 2,294.40 मीट्रिक टन धान बेचा। वहीं समितियों से टोकन प्राप्त करने वाले 52 किसानों ने 194.68 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया।
किसानों की सुविधाओं और पारदर्शिता पर जोर
जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल मशीन, पेयजल, छाया सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।