शिवरीनारायण में 63 करोड़ से बनेगा महानदी पर पुल, विकास कार्यों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव का किया शुभारंभ, एसटीपी प्लांट और पर्यटन विकास की घोषणा
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करते हुए महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नए पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही नगर में एसटीपी प्लांट स्थापित करने, राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत विकास कार्य कराने और शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने की दिशा में सर्वे कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। एसटीपी प्लांट से गंदे पानी का शोधन और महानदी का संरक्षण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। पर्यटन विकास से क्षेत्र में रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
गौपूजन और महाआरती में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा और मां चित्रोत्पला गंगा की महाआरती में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण आस्था, भक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यहां की धार्मिक परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान हितैषी फैसलों और महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बस्तर में विकास कार्यों, बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू करने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 व सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं को आसान बनाने की जानकारी भी दी।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने जल संरक्षण में जनभागीदारी की अपील की। सांसद कमलेश जांगड़े ने जलस्रोतों के संरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कौशल्या देवी साय, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रामसुंदर दास, नारायण चंदेल और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।