गणेश चतुर्थी पर CM हाउस में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, साय ने की पूजा
परिवार के साथ गणेश प्रतिमा की स्थापना कर प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ
रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भगवान गणेश की स्थापना की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक तरीके से गणपति की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गणेश को बुद्धि और विवेक का प्रतीक माना जाता है। किसी भी शुभ काम से पहले गणेश जी की आराधना करने की परंपरा हमारी संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव लोगों को आस्था के साथ-साथ प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी देता है।
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं। ये पर्व नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और परिवार व समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित पूजा में परिवारजनों के अलावा मुख्यमंत्री के सलाहकार धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह और कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।