रामपुर आश्रम में स्वच्छता अभियान, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया श्रमदान
रायपुर, बस्तर जिले के ग्राम पंचायत चपका स्थित रामपुर आश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन मंत्री केदार कश्यप ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ श्रमदान कर ऐतिहासिक मंदिर परिसर, मारकंडी नदी घाट और प्राकृतिक जलकुंड की साफ-सफाई की। इस पहल के जरिए स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर मंदिर परिसर, नदी घाट और जलकुंड के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट को हटाया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक परिसरों और प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने जलस्रोतों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। अभियान में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छ भारत मिशन की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भागीदारी निभाई।