प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
रायपुर, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर कवर्धा में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सिख समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरु साहिब के दरबार में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को सत्य, प्रेम, समानता, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देता है। यह संदेश आज भी समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श सामाजिक समरसता और मानव कल्याण की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। समारोह में सिख समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।