राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहा धमतरी का आमा तालाब, रामसर साइट बनाने की तैयारी
भखारा के आमा तालाब का विशेषज्ञों ने किया निरीक्षण, जैव विविधता और प्रवासी पक्षियों के अनुकूल पर्यावरण का होगा अध्ययन
धमतरी, जिले के भखारा स्थित आमा तालाब को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से इसे रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज और छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने तालाब का निरीक्षण किया।
विशेषज्ञों की टीम ने आमा तालाब की प्राकृतिक संरचना, जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी और प्रवासी पक्षियों के अनुकूल वातावरण की संभावनाओं का अध्ययन किया। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद संरक्षण और विकास से संबंधित प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
आमा तालाब को रामसर स्थल के रूप में विकसित करने से क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल पर्यावास तैयार करने के साथ प्रकृति आधारित पर्यटन और स्थानीय आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में 20 वेटलैंड को रामसर स्थल बनाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ में आर्द्रभूमियों के संरक्षण के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश का कोपरा जलाशय राज्य का पहला रामसर स्थल घोषित हो चुका है। इसके अलावा 500 से अधिक वेटलैंड मित्र तैयार किए गए हैं। वहीं, 2.25 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले 11,098 वेटलैंड का ग्राउंड ट्रुथिंग और सीमा निर्धारण किया गया है।
छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश की 20 आर्द्रभूमियों को रामसर स्थल के रूप में नामांकित कराने का लक्ष्य रखा गया है। कोपरा जलाशय के बाद छिंदारी, पैलीमेटा और नीमगांव जलाशय सहित अन्य संभावित स्थलों पर भी काम किया जा रहा है।
विधायक अजय चंद्राकर ने आमा तालाब के संरक्षण और इसे रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण और समृद्ध जैव विविधता सुरक्षित रखना जरूरी है।