दिव्यांग धनीराम यादव को मिली स्कूटी, आवागमन के साथ कामकाज में होगी आसानी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में सौंपी स्कूटी, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल
रायपुर, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को आसान करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम अचानकपुर निवासी धनीराम यादव को स्कूटी प्रदान की। विधायक कार्यालय में आयोजित इस पहल के तहत स्कूटी मिलने से अब यादव को अपने कार्यक्षेत्र में आने-जाने और रोजमर्रा के काम निपटाने में सुविधा होगी।
धनीराम यादव आवास मित्र के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब तक आवागमन में होने वाली परेशानियों के कारण उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में कठिनाई होती थी। स्कूटी मिलने से उनकी यह परेशानी कम होगी और वे अधिक सहजता से अपने कार्य कर सकेंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी प्रतिभा और क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विजय शर्मा ने कहा कि किसी व्यक्ति को सुविधा उपलब्ध कराना केवल मदद करना नहीं, बल्कि उसे आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना भी है। स्कूटी मिलने से धनीराम यादव को अपने कामकाज और दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी।
स्कूटी प्राप्त करने पर धनीराम यादव ने प्रसन्नता जताते हुए उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से उनके दैनिक आवागमन की परेशानी कम होगी और आवास मित्र के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने में आसानी होगी।