बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, प्रतिभा को दें उड़ान : ओ.पी. चौधरी
वित्त मंत्री ने रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, साझा किया अपने संघर्षों का सफर
रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बच्चों की सफलता को केवल परीक्षा के अंकों और रैंकिंग से नहीं आंकना चाहिए। हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। अभिभावकों और शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। वे 27 नवंबर को भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज भारत में युवाओं के लिए खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर हैं। अब सफलता के रास्ते केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं अभिभावक
वित्त मंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर टॉपर बनने या अच्छे अंक लाने का अनावश्यक दबाव न डालें। इसके बजाय उनकी स्वाभाविक प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखने की क्षमता बेहद जरूरी है। इसमें अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
संघर्षों से सफलता तक का सफर किया साझा
अपने जीवन का उदाहरण देते हुए चौधरी ने बताया कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। महज आठ साल की उम्र में पिता को खोने के बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और शिक्षा के लिए प्रेरित किया। लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में आईएएस परीक्षा पास की। करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ में शिक्षा के बढ़ रहे अवसर
चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, एनआईटी, ट्रिपल आईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की मौजूदगी से युवाओं के लिए शिक्षा और करियर के नए रास्ते खुले हैं। उन्होंने समय की जरूरत के अनुसार नए पाठ्यक्रम और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा ग्रुप के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।