कवर्धा के किसान का बिजली बिल हुआ शून्य, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘विष्णु के पाती’ से भेजा दीपावली संदेश
रायपुर, छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के किसान ओंकार साहू के परिवार के लिए इस बार दीपावली खास बन गई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने वाले रामनगर निवासी ओंकार साहू को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से दीपावली की शुभकामनाएं भेजीं। मुख्यमंत्री ने खेती-किसानी के साथ सौर ऊर्जा अपनाने की उनकी पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ओंकार साहू ने 28 अप्रैल 2025 को अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया था। इस पर कुल 1 लाख 90 हजार रुपये खर्च हुए, जिसमें उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। सोलर पैनल लगने से पहले उनके घर का हर महीने करीब 1,000 से 1,500 रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन अब सौर ऊर्जा से घर की जरूरतें पूरी हो रही हैं और बिजली बिल शून्य हो गया है।
खास बात यह है कि ओंकार साहू के घर में जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन हो रहा है। घर में उपयोग के बाद बची हुई बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है। इससे उन्हें अब तक करीब 9 हजार रुपये का आर्थिक लाभ भी मिल चुका है। इस तरह वे बिजली उपभोक्ता होने के साथ अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर ग्रिड को आपूर्ति करने वाले उत्पादक भी बन गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सराहना करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग परिवारों को आर्थिक बचत देने के साथ स्वच्छ वातावरण बनाने में भी मददगार है। उन्होंने ओंकार साहू के परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ओंकार साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उनके परिवार के लिए काफी फायदेमंद साबित हुई है। इससे बिजली खर्च में बचत के साथ अतिरिक्त बिजली से आमदनी भी हो रही है। मुख्यमंत्री का दीपावली संदेश मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।