कंतेली खरीदी केंद्र में किसान ने बेचा 281 कट्टा धान, व्यवस्थाओं से जताई संतुष्टि
21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से किसानों को मिल रही राहत, पात्र किसानों को 13,289 रुपये की अतिरिक्त आदान सहायता का भी लाभ
रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच बेमेतरा जिले के खरीदी केंद्रों में किसानों को मिल रही सुविधाओं से वे संतुष्ट नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम बहु नवागांव के किसान लोकराम वर्मा ने कंतेली धान खरीदी केंद्र में 281 कट्टा धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि टोकन लेने से लेकर धान बेचने तक उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और केंद्र में किसानों के लिए अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं।
किसान लोकराम वर्मा के मुताबिक, खरीदी केंद्र में पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा धान का मूल्य
लोकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान की व्यवस्था किसानों के लिए राहत भरी है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। इसके अलावा कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों के लिए 13,289 रुपये की आदान सहायता का प्रावधान भी आर्थिक संबल प्रदान करेगा।
किसान हितैषी फैसलों से बढ़ रहा भरोसा
किसान ने कहा कि धान खरीदी की सुविधाजनक व्यवस्था और सरकार के किसान हितैषी निर्णयों से खेती-किसानी के प्रति उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने बेहतर खरीदी व्यवस्था और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी जारी है। खरीदी केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार और समर्थन मूल्य पर उपज खरीदने की व्यवस्था के जरिए किसानों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।