सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर एक्शन: जीपीएम जिले में अवैध रेत परिवहन करते 5 ट्रैक्टर जब्त
रायपुर. छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सीएम हेल्पलाइन और ग्रामीणों से मिली शिकायत पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने कोलबिर्रा क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
शिकायत मिलते ही एक्शन में आया विभाग जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। खनिज विभाग को सीएम हेल्पलाइन के जरिए कोलबिर्रा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना पुख्ता होते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां 5 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पकड़े गए।
कोटमी चौकी में रखे गए जब्त वाहन कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को कोटमी चौकी में सुरक्षित रखा गया है। अब संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर के सख्त निर्देश कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में मिलने वाली शिकायतों की गंभीरता से जांच हो और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इन निर्देशों के बाद विभाग अलर्ट मोड पर हैं। खनिज संपदा के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण से जहां एक ओर राजस्व का नुकसान रुक रहा है, वहीं प्रशासन के प्रति आम नागरिकों का भरोसा भी बढ़ रहा है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विभाग की टीम नियमित निरीक्षण कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर और खनिज विभाग के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।