नारायणपुर में ग्रामीण विकास पर जोर, वन मंत्री केदार कश्यप ने पंच-सरपंचों से कही ये बात
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर निगरानी के निर्देश
नारायणपुर : गांवों में विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में पंच-सरपंचों की भूमिका अहम है। ग्रामीणों की जरूरतों को समझकर विकास की प्राथमिकताएं तय करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। वन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर में आयोजित जिला स्तरीय पंच-सरपंच प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में यह बात कही।
सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन नारायणपुर के सिनेमा ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा हुई। वन मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं के उद्देश्य और उनके लाभ की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील
केदार कश्यप ने पंचायतों में स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, सामुदायिक भवन, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, सड़क, पुल-पुलिया और महतारी सदन जैसे जनोपयोगी कार्यों को समय पर पूरा करना जरूरी है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी पंच-सरपंचों से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मछली पालन और बतख पालन से बढ़ेगी आजीविका
ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए वन मंत्री ने स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार और आजीविका के अवसर विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने क्षेत्र की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मछली पालन और बतख पालन की कार्ययोजना तैयार करने तथा पात्र हितग्राहियों को इन गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।