रायपुर में ITMS के सुचारू संचालन और विस्तार को लेकर मुख्य सचिव की उच्चस्तरीय बैठक
कैमरों के अपग्रेडेशन और वित्तीय रोडमैप पर बनी सहमति
रायपुर: मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में राजधानी रायपुर के इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के सतत और सुचारू संचालन को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सिस्टम के रखरखाव, वित्तीय दायित्वों, तकनीकी उन्नयन और भविष्य के विस्तार को लेकर अहम फैसले लिए गए।
बैठक में डीजीपी अरुण देव गौतम, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, एडीजीपी दीपांशु काबरा, नगरीय प्रशासन प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, वित्त एवं जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, एनआरडीए सीईओ चंदन कुमार और रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं फैसले इस प्रकार हैं:
1. वित्तीय प्रबंधन और नियमित रखरखाव
- ITMS के लंबित वित्तीय दायित्वों की समीक्षा की गई और इसके सुचारू संचालन के लिए वित्तीय व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
- सिस्टम के नियमित रखरखाव और संचालन के लिए एक ठोस दीर्घकालिक वित्तीय रोडमैप (Long-term Financial Roadmap) तैयार करने पर सहमति बनी।
2. कैमरों और तकनीकी संसाधनों का उन्नयन (Upgradation)
- ट्रैफिक मॉनिटरिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ITMS के तहत लगे कैमरों, सर्वर, सॉफ्टवेयर और अन्य उपकरणों को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा।
3. नई सड़कों और जंक्शनों तक विस्तार
- रायपुर शहर की नई निर्मित सड़कों, प्रमुख कॉरिडोर और जंक्शनों तक ITMS का विस्तार किया जाएगा।
- इसके लिए आवश्यक तकनीकी और वित्तीय संसाधनों का आकलन कर चरणबद्ध (Phased manner) तरीके से कार्ययोजना लागू की जाएगी।