रायगढ़ में 126.92 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, चार नए बड़े कामों की घोषणा
सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम, संजय मार्केट से लेकर रामलीला मैदान और मरीन ड्राइव तक के विकास कार्यों को मिलेगी गति
रायगढ़, सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में सोमवार को विकास कार्यों की नई सौगात मिली। संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के करीब 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान शहर के विकास से जुड़े चार नए बड़े कार्यों की भी घोषणा की गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ को विकसित जिला बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की सूची भी मिली है, जिनकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शहर की जरूरतों के हिसाब से सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने रायगढ़ के लिए चार अतिरिक्त कार्यों की घोषणा की। इनमें संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान में विकास कार्य, मंच और पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए और केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाइजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए शामिल हैं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है। वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क, भवन और पुल सहित अलग-अलग कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का उल्लेख किया। उन्होंने रायगढ़ रिंग रोड, रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन, पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन समेत कई सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
चौधरी ने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे प्रस्तावित कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहर की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत करने के लिए अलग-अलग परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके मकानों की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।
कार्यक्रम को लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।