जल जीवन मिशन से बदली गहन्दर गांव की तस्वीर, अब हर घर तक पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल
सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना से कमार जनजाति के परिवारों को मिली राहत, महिलाओं के समय और श्रम की हो रही बचत
रायपुर, 25 नवंबर 2026। गरियाबंद जिले के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बसे गहन्दर गांव में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया है। कभी परिवार की प्यास बुझाने के लिए महिलाओं को पहाड़ी रास्तों से गुजरकर नाले और झरनों से पानी लाना पड़ता था। मटमैले पानी को छानकर पीने योग्य बनाने की मजबूरी थी। अब गांव के घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों को वर्षों पुरानी परेशानी से राहत मिली है।
ग्राम पंचायत बारूका से लगभग 11 किलोमीटर लंबे जंगल के रास्ते पर स्थित गहन्दर गांव में कमार जनजाति के करीब 11 परिवार निवास करते हैं। यहां बिजली और चारपहिया वाहनों की सुविधा नहीं है। ऐसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना स्थापित की गई है। सौर ऊर्जा से संचालित इस योजना के माध्यम से सभी घरों में नल कनेक्शन देकर पानी पहुंचाया जा रहा है। अक्टूबर 2024 में गांव को ‘हर घर जल’ घोषित किया गया था।
गांव के सरपंच छत्रपाल कुंजाम के अनुसार, पहले ग्रामीणों को पानी के लिए नाले और झरनों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं का काफी समय पानी जुटाने में व्यतीत होता था। अब घरों में नल से पानी मिलने के कारण उनका समय और श्रम बच रहा है। ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
जल जीवन मिशन का सकारात्मक असर महिलाओं के पोषण और आजीविका पर भी दिखाई दे रहा है। गांव की संत कुमारी और जयंती बाई अब घरेलू जरूरतों के बाद बचने वाले पानी से अपने घरों में ही साग-सब्जियां उगा रही हैं। इससे परिवारों को ताजी और पौष्टिक सब्जियां मिल रही हैं। साथ ही महिलाओं को पारंपरिक कार्यों और परिवार की अन्य जरूरतों के लिए अधिक समय मिल रहा है।
गहन्दर गांव में सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने साबित किया है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा सकती हैं। यहां हर घर तक पहुंचता पानी केवल पेयजल की सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन में राहत, परिवारों के बेहतर पोषण और ग्रामीण खुशहाली की नई शुरुआत भी है।