संदीप के दो गोल से मैनपाट टाइटंस की जीत, चक्रधर चैंपियंस को मिली पहली हार
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में टाइटंस ने 3-1 से दर्ज की जीत, अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची टीम
रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के नौवें मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इस जीत के साथ टाइटंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि चक्रधर चैंपियंस को प्रतियोगिता में पहली हार का सामना करना पड़ा। मैनपाट की ओर से संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए।
मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में युवराज वाल्मीकि ने गोल कर चक्रधर चैंपियंस को बढ़त दिलाई। हालांकि, संदीप कुमार ने जल्द ही गोल कर मैनपाट टाइटंस को मुकाबले में बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद साहिल जाक्सा ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल दागकर टाइटंस को बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम चरण में संदीप कुमार ने अपना दूसरा पेनल्टी कॉर्नर गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। मैनपाट टाइटंस के खिलाड़ियों ने मिडफील्ड में चक्रधर के आक्रमण को नियंत्रित रखा, जिससे विपक्षी टीम को वापसी का पर्याप्त मौका नहीं मिला।
मुकाबला देखने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के एमडी सौमिल रंजन चौबे, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका और जिंदल पावर एंड स्टील के उपाध्यक्ष यू.पी. सिंह मौजूद रहे।
बैलाडीला बुल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का मुकाबला 5-5 से ड्रॉ
दिन के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच रोमांचक मैच 5-5 से बराबरी पर समाप्त हुआ। बैलाडीला के जसकरण सिंह ने अकेले पांच गोल दागे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अंतिम क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मुकाबला ड्रॉ कराया।
इस परिणाम के बाद दोनों टीमों को अब भी टूर्नामेंट में पहली जीत का इंतजार है। मैच के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी भी उपस्थित रहे।