राजनांदगांव में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान शुरू, 805 किसानों को मिला टोकन
राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत राजनांदगांव जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत हो गई है। पहले दिन जिले के 117 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू हुई और 805 किसानों को टोकन जारी किए गए। किसान टोकन तुंहर द्वार मोबाइल एप के माध्यम से भी टोकन प्राप्त कर रहे हैं। खरीदी केंद्रों में किसान सुबह से ही अपनी उपज लेकर पहुंचने लगे। इस दौरान किसानों का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण फैसले से कम पैदावार वाले किसानों को भी राहत मिलेगी। अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे खासकर लघु, सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
जिले के राजनांदगांव विकासखंड के कन्हारपुरी धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान महापौर मधुसूदन यादव ने धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था पर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस वर्ष जिले में 26 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे किसानों को बड़ी सुविधा मिली है। खैरझिटी के किसान गोविंद सिंह ने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए करीब 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव के पास ही केंद्र खुलने से समय और परिवहन खर्च की बचत हो रही है। उन्होंने पहले दिन केंद्र में 86 क्विंटल धान बेचा।
उल्लेखनीय है कि इस खरीफ सीजन में राजनांदगांव जिले के 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन हुआ है, जो पिछले साल के मुकाबले 2,934 अधिक है। वहीं, जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 96 से बढ़कर 122 हो गई है। नए केंद्रों के खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी प्रक्रिया पहले से अधिक सुविधाजनक होगी।