जनजातीय गौरव दिवस पर पांच गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई, भेंट की गई पोषण बास्केट
मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद भोजराज नाग ने की रस्म में भागीदारी, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच का दिया संदेश
धमतरी जिले के ग्राम दुगली में जनजातीय गौरव दिवस के जिला स्तरीय समारोह के दौरान गर्भवती महिलाओं के सम्मान में गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री टंकराम वर्मा और लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों से गोदभराई की और उन्हें पोषण बास्केट भेंट की।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ मातृत्व और सुपोषित शिशु के महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान भोजन में प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और विटामिन जैसे जरूरी पोषक तत्व शामिल करना चाहिए। इसके साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
परिवार की सहभागिता पर भी दिया जोर
महिला एवं बाल विकास विभाग ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी। महिलाओं को उपलब्ध स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही परिवार के सदस्यों से गर्भवती महिलाओं की देखभाल में सहयोग करने की अपील की गई।
जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम मातृत्व के सम्मान के साथ स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना। गोदभराई की पारंपरिक रस्म और पोषण बास्केट वितरण के जरिए स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चे का संदेश दिया गया।