बलौदाबाजार में शिक्षक सम्मान समारोह: 150 सेवानिवृत्त गुरुजन सम्मानित
रायपुर, समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के अतुलनीय योगदान को नमन करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार के नगर भवन में एक गरिमामय ‘शिक्षक सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। स्व. सोनचंद स्मृति फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 150 सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
शिक्षक ही गढ़ते हैं समाज की मजबूत नींव: टंक राम वर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “शिक्षक केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे विद्यार्थियों में उच्च संस्कारों का बीजारोपण कर उनके व्यक्तित्व और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। गुरुजनों के मार्गदर्शन और आदर्शों से ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।”
मंत्री वर्मा ने आगे कहा कि गुरुजनों का उपकार इतना महान है कि इसे किसी भी रूप में चुकाया नहीं जा सकता। सम्मानित होने वाले गुरुजनों ने अपने जीवन का स्वर्णिम समय भावी पीढ़ी का मार्गदर्शन करने और उन्हें योग्य नागरिक बनाने में समर्पित किया है। उनका यह अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया गया अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा क्षेत्र में दशकों तक निष्ठापूर्वक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 150 सेवानिवृत्त शिक्षकों को ‘स्मृति चिह्न’ और ‘प्रशस्ति पत्र’ प्रदान कर भावभीनी विदाई व सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।