जनदर्शन में जरूरतमंदों को मिली 55 हजार की मदद, मुख्यमंत्री ने तत्काल दिए चेक
सात वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए की सहायता, दो अन्य मरीजों को भी मिली आर्थिक मदद
रायपुर, 26 नवंबर 2026। इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ जरूरतमंद परिवारों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन में बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान उन्होंने उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे तीन लोगों को तत्काल 55 हजार रुपए की मदद के चेक सौंपे।
रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के इलाज के लिए सहायता मांगने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है, जिससे परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।
परिवार की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए का चेक प्रदान किया। उन्होंने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
इसी तरह पाटन निवासी ज्ञानेश कुमार साहू को पेट संबंधी बीमारी के उपचार के लिए 10 हजार रुपए की सहायता दी गई। वहीं रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के इलाज के लिए उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए का चेक सौंपा गया।
जनदर्शन के जरिए नागरिक सीधे मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रख पा रहे हैं। जरूरतमंदों को मौके पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल उनके उपचार में राहत देने के साथ सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की व्यवस्था को भी दर्शाती है।