जनजातीय गौरव दिवस: छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता के सम्मान का पर्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि जनजातीय समाज प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ जनजातीय समुदायों ने अपनी विशिष्ट परंपराओं और जीवनशैली को पीढ़ियों से सहेजकर रखा है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला यह दिवस जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। मंत्री अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन वीरों ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर और प्रदेश के अन्य जनजातीय अंचल अपनी अनूठी लोककलाओं, नृत्य, संगीत, पर्व-त्योहार और हस्तशिल्प के लिए प्रसिद्ध हैं। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व, मड़ई मेले, गौर नृत्य, करमा और सैला जैसी परंपराएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाती हैं। वहीं बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प और बांस शिल्प जनजातीय कलाकारों की रचनात्मकता की पहचान हैं।
मंत्री अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जनजातीय कलाकारों को प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनकी पारंपरिक कलाओं को नई पहचान दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय अंचलों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। चित्रकोट, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, मैनपाट और जशपुर जैसे पर्यटन स्थलों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास में स्थानीय जनजातीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों तथा सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहे। साथ ही जनजातीय इतिहास, लोकभाषाओं, लोकगाथाओं और पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान का सम्मान ही समावेशी विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित सभी ज्ञात-अज्ञात जनजातीय नायकों को नमन करते हुए जनजातीय विरासत के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।