कांकेर में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के लिए 10 लाख की घोषणा
कांकेर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद भोजराज नाग ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर जनजातीय समाज के उत्थान, उनकी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया और जल, जंगल तथा जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी उल्लेख किया। साव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पीएम जनमन योजना और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं से जनजातीय समुदायों को लाभ मिल रहा है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कांकेर के उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने जिले की प्रतिभाओं और प्रमुख विभूतियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान मिल रही है। नक्सलवाद से मुक्त होकर बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
सांसद भोजराज नाग ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और देश के निर्माण में उसके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार और नशामुक्ति पर जोर देते हुए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। वहीं विधायक आशाराम नेताम और विक्रम देव उसेंडी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए नई पीढ़ी से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के माध्यम से जनजातीय समाज विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकता है।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग सहित अन्य वक्ताओं ने भी जनजातीय समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर विचार रखे। इस अवसर पर कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत के जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।