वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे: रामगढ़ में 81.19 हेक्टेयर वनभूमि को मिली हरी झंडी, 46.5 किमी के पैकेज-3 में काम पकड़ेगा रफ्तार
- वन एवं पर्यावरण विभाग की मंजूरी से दूर हुई बड़ी अड़चन; रामगढ़ प्रमंडल में शुरू होगा भारी निर्माण कार्य
- भारतमाला परियोजना के तहत चतरा से होकर गुजर रहा एक्सप्रेसवे; यूपी-झारखंड-बंगाल के बीच सफर होगा सुगम
रामगढ़। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे (Varanasi-Kolkata Expressway) के निर्माण में झारखंड खंड पर बड़ी सफलता मिली है। वन एवं पर्यावरण विभाग ने रामगढ़ वन प्रमंडल के अंतर्गत आने वाली 81.1902 हेक्टेयर अधिसूचित वनभूमि पर निर्माण कार्य शुरू करने की वैधानिक मंजूरी दे दी है। इस क्लीयरेंस के लंबे समय से लंबित रहने के कारण निर्माण कार्य की गति धीमी थी, लेकिन अब मंजूरी मिलते ही पैकेज-3 के तहत एक्सप्रेसवे का काम युद्धस्तर पर तेज होने का रास्ता साफ हो गया है।
पैकेज-3: 46.5 किलोमीटर हिस्से का होगा निर्माण
रामगढ़ क्षेत्र में एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पैकेज-3 के तहत किया जाना है। इस पैकेज के अंतर्गत कुल 46.500 किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक सड़क का निर्माण होना है। वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण एजेंसियां अर्थवर्क, ब्रिज और एलिवेटेड स्ट्रक्चर से जुड़े भारी मशीनरी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा सकेंगी।
भारतमाला परियोजना का अहम हिस्सा, राज्यों के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के वाराणसी से शुरू होकर बिहार, झारखंड के चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ होते हुए पश्चिम बंगाल के कोलकाता तक जाएगा। झारखंड में परियोजना का मुख्य प्रवेश चतरा जिले से होता है। रामगढ़ वन प्रमंडल से क्लीयरेंस मिलने के बाद इस पूरे औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के निर्माण की राह में आ रही प्रशासनिक बाधाएं दूर हो गई हैं, जिससे आने वाले समय में रांची, रामगढ़ और बोकारो-धनबाद बेल्ट को तीव्र माल ढुलाई और सुगम यात्रा का सीधा लाभ मिलेगा।