एक फोन कॉल पर दूर हुई पानी की किल्लत, तपकरा के 200 परिवारों को मिली राहत
सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत के बाद खराब मोटर बदली, गांव में फिर शुरू हुई पेयजल सप्लाई
रायपुर, जशपुर जिले के तपकरा गांव में पेयजल की समस्या एक शिकायत के बाद दूर हो गई। फरसाबहार विकासखंड के इस गांव में करीब 15 दिनों से जलापूर्ति बंद थी। सीएम हेल्पलाइन-1076 पर शिकायत पहुंचने के बाद संबंधित अमला सक्रिय हुआ और खराब मोटर को बदलकर गांव में दोबारा पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई। इससे करीब 200 परिवारों को राहत मिली।
ग्राम तपकरा निवासी ओम प्रकाश ने 26 अगस्त को सीएम हेल्पलाइन-1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मोटर और पाइपलाइन में खराबी के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। लगातार पानी की परेशानी के चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायत मिलने के बाद मामले को संबंधित विभाग और स्थानीय अमले तक पहुंचाया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत ने रेट्रो जल प्रदाय योजना के तहत नया मोटर लगवाया। मोटर स्थापित होते ही जलापूर्ति फिर से सुचारू हो गई और ग्रामीणों की पानी से जुड़ी परेशानी दूर हुई।
समाधान के बाद लिया गया फीडबैक
समस्या का समाधान होने के बाद हेल्पलाइन की ओर से शिकायतकर्ता ओम प्रकाश से संपर्क कर फीडबैक लिया गया। उन्होंने जलापूर्ति बहाल होने पर संतुष्टि जताई। इसके बाद शिकायत का निराकरण दर्ज किया गया।
सीएम हेल्पलाइन-1076 के जरिए शिकायत दर्ज होने से लेकर संबंधित विभाग तक पहुंचाने और समाधान के बाद नागरिक की प्रतिक्रिया लेने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। तपकरा की यह शिकायत बताती है कि स्थानीय स्तर की जरूरी समस्याओं को हेल्पलाइन के माध्यम से संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनके समाधान की कार्रवाई की जा रही है।