खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सिंचाई योजनाओं के लिए 14.78 करोड़ रुपये स्वीकृत
टेकापार, साल्हेवारा और सिंगारपुर सिंचाई योजनाओं के कार्यों को मिलेगी गति, 408 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई का लाभ
रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधन योजनाओं के सुधार के लिए राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने 14 करोड़ 78 लाख 61 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। स्वीकृत राशि से जिले की विभिन्न सिंचाई योजनाओं के जीर्णोद्धार, नहरों के रिमॉडलिंग और लाइनिंग सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।
टेकापार जलाशय के लिए 4.94 करोड़ रुपये स्वीकृत
स्वीकृत योजनाओं में टेकापार जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 94 लाख 42 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद करीब 133 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
साल्हेवारा जलाशय के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 4.85 करोड़
इसी तरह साल्हेवारा जलाशय के जीर्णोद्धार, नहरों के रिमॉडलिंग एवं लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 85 लाख 33 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना का कार्य पूरा होने के बाद 164 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
सिंगारपुर व्यपवर्तन योजना के लिए 4.98 करोड़ रुपये
सिंगारपुर व्यपवर्तन शीर्ष कार्य के जीर्णोद्धार तथा नहरों के रिमॉडलिंग एवं लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 98 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने पर 111 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
408 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा लाभ
तीनों सिंचाई योजनाओं के कार्य पूरे होने के बाद खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में कुल 408 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इन कार्यों से जल संसाधन संरचनाओं की स्थिति में सुधार के साथ किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।