मरवाही कॉलेज में 25 नए मतदाताओं ने किया ऑनलाइन पंजीयन
स्वीप और एनएसएस के संयुक्त अभियान में विद्यार्थियों को निष्पक्ष मतदान के प्रति किया जागरूक
रायपुर, युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदाता सूची में नए नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मरवाही में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। स्वीप (SVEEP) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता पंजीयन की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 25 विद्यार्थियों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया।
वोटर हेल्पलाइन ऐप से समझाई पंजीयन प्रक्रिया
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वोटर हेल्पलाइन ऐप और राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP) के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। पात्र विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन भरने की जानकारी दी गई, जिससे वे आसानी से मतदाता पंजीयन कर सकें।
स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान का संदेश
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय निर्वाचन प्रणाली और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
गांवों में भी जागरूकता फैलाने का संकल्प
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की बात कही। आयोजकों ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।