बस्तर की 485 बसाहटों को मिलेंगी पक्की सड़कें
रायपुर, दीपावली से पहले बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम गांवों को सड़क सुविधा की बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने 485 बसाहटों के सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है। वहीं, 280 अन्य बसाहटों को जोड़ने के लिए 804.06 करोड़ रुपये की लागत से 263 सड़क कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों और नक्सलमुक्त गांवों की जरूरतों को देखते हुए केंद्र सरकार से विशेष छूट देने का आग्रह किया था। इस पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए सड़क विकास कार्यों की जानकारी दी है।
बस्तर संभाग की कुल 1,168 बसाहटों को सड़क संपर्क से जोड़ने की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में है। पीएमजीएसवाई-4 के तहत 841.825 किलोमीटर लंबी सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 474 अन्य बसाहटों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।
सड़क के साथ पुल निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। पीएमजीएसवाई-4 और पीएम-जनमन योजना के तहत कुल 373 पुलों के प्रस्तावों पर विचार किया गया है। इनमें नारायणपुर जिले में 87.45 करोड़ रुपये की लागत से 22 लंबे पुलों के प्रस्ताव भी शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हुए गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विजय शर्मा ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।