छत्तीसगढ़ की 801 महिलाएं बनेंगी सोलर दीदी
रायपुर, छत्तीसगढ़ में द्वीप्ति योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के जरिए बिहान मिशन की महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में तैयार किया जा रहा है।
प्रदेश में अब तक 801 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में चिन्हांकित किया गया है। वहीं, 19 महिला संकुल संगठनों का सोलर वेंडर के रूप में पंजीयन हुआ है। अब तक 94 सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 415 प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।
योजना के तहत महिलाओं को सोलर पैनल की स्थापना, तकनीकी जानकारी, रखरखाव और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कबीरधाम जिले के ग्राम समनापुर में सोलर सिस्टम स्थापित किया गया है। प्रत्येक स्थापना पर सोलर दीदियों को 500 से 1,000 रुपये तक आय होने का अनुमान है।
द्वीप्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को ऊर्जा उद्यमी बनाना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करना है। इस पहल से महिला स्व-सहायता समूहों को नए व्यवसाय के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का विस्तार होगा।