गांव-गांव पहुंच रही सुशासन की योजनाएं – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
ग्रामवासियों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मौके पर ही किया समस्याओं का समाधान
ग्राम जेवड़नखुर्द और मिनमीनिया में आयोजित हुआ जन समस्या निवारण शिविर
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, हितग्राहियों को आवास की चाबी सहित अनेक योजनाओं से लाभान्वित किया
रायपुर. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के कवर्धा विकासखंड के ग्राम जेवड़नखुर्द तथा बोड़ला विकासखंड के ग्राम मिनमीनिया में आयोजित सुशासन तिहार में ग्रामीणों के बीच पहुंचे एवं आमजनों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में दिव्यांगजनों की मांग पर त्वरित रूप से ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को नए आवास की चाबी भी सौंपी तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत अनेक हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार में शासन की योजनाएं अब गांव-गांव तक पहुंच रही है।
क्षेत्र में होने वाले प्रमुख विकास कार्य (सड़क निर्माण):
- बरपेलाटोला से सिंघनपुरी: 2.5 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण।
- मुख्य सड़क पोड़ी से उसलापुर नहर होते हुए बोधईकुंडा तक: 4.5 करोड़ रुपए की सड़क।
- चरडोंगरी – कोठार मार्ग से सारंगपुरखुर्द नहर पार तक: 2.6 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण।
- सूरजपुर से मोहगांव तक: 3.58 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा।
गांवों तक पहुंची प्रधानमंत्री आवास, शिविर में मिल रही निःशुल्क दस्तावेज सुविधा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए लंबे समय तक आंदोलन चलाया गया था और सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक के पहले ही प्रस्ताव में प्रधानमंत्री आवास योजना को शामिल किया गया और पहली कैबिनेट में ही 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए। उन्होंने बताया कि ग्राम मिनमीनिया में 21 गांवों और ग्राम जेवड़नखुर्द में 15 गांवों के लिए शिविर आयोजित किया गया है और सभी गांवों में आवास की भी स्वीकृति की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि नए हितग्राहियों को भी जोड़ने के लिए नया सर्वे भी कराया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि सुशासन तिहार शिविर में बी-1, खसरा और ऋण पुस्तिका जैसी आवश्यक दस्तावेज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे है।
डिजिटल सेवा, स्मार्ट क्लास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
- अटल डिजिटल सेवा केंद्र: जिले के अनेक गांवों में यह केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण अपने गांव में ही विभिन्न योजनाओं की राशि निकाल पा रहे हैं।
- महतारी वंदन योजना: योजना के तहत अब तक 27 किस्तों में 27 हजार रुपए महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।
- स्मार्ट क्लास: गांवों के स्कूलों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत की गई है, जहां डिजिटल माध्यम और 3डी एनिमेशन से बच्चों को पढ़ाई कराई जा रही है।
- अन्य सुविधाएं: दिव्यांगजनों को गतिशील बनाने के लिए स्कूटी प्रदान की जा रही है। महिलाओं की बैठकों के लिए महतारी सदन और युवाओं में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।
सिंचाई परियोजना से किसानों को मिलेगा लाभ
उप मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 8.10 करोड़ रुपए की लागत से छीरपानी जलाशय से जुड़ी राम्हेपुर वितरक नहर एवं संबद्ध माइनर नहरों के सीसी लाइनिंग कार्य का भूमिपूजन कर निर्माण शुरू कर दिया गया है।
- लाभ: इस परियोजना के पूरा होने पर 1540 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
- प्रभावित गांव: मानिकपुर, सिल्हाटी, बघर्रा, सारंगपुर कला, सिंधनुपरी एवं राम्हेपुर कला सहित 6 गांवों के किसान सीधे लाभान्वित होंगे।
- नहर विस्तार घोषणा: मुख्यमंत्री द्वारा छिरपानी नहर विस्तार के लिए 50 करोड़ रुपए की घोषणा भी की गई है। इसके साथ ही भोरमदेव फीडर, दियाबार जलाशय, नेवारी और कोठार जलाशय में करोड़ों रुपए की लागत से नहर विस्तार और उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं।
स्टॉलों का निरीक्षण एवं अन्नप्राशन-गोदभराई कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके साथ ही वे शिविर के दौरान आयोजित अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शिशुओं को अन्नप्राशन कराकर उन्हें शुभाशीष प्रदान किया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई।
उपस्थिति: इस दौरान पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, उपाध्यक्ष जिला पंचायत कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, विजय पटेल, मनीराम साहू, लोकचंद साहू, नितेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें और प्यार दें।
Whatsapp –https://whatsapp.com/channel/0029VaPmGTXInlqS2WQAhw1n
YouTube –https://youtube.com/@jayjohar?si=AZDI5zciOCT3Oqhw
Facebook –https://www.facebook.com/share/18GsFBTgfd/