उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का छत्तीसगढ़ दौरा
AIIMS दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक
रायपुर: भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपराष्ट्रपति रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस उच्चस्तरीय दौरे को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मिनट-टू-मिनट प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट शेड्यूल के अनुरूप ही पूरी की जाएं।
- रूट और ट्रैफिक प्लान: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से लेकर AIIMS रायपुर तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान और ट्रैफिक मैनेजमेंट को अंतिम रूप दिया गया है।
- एयरपोर्ट और वेन्यू रिसेप्शन: रायपुर कलेक्टर और पुलिस प्रशासन को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और कार्यक्रम स्थल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और प्रोटोकॉल पर जोर
- पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था: गृह विभाग को उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
- चिकित्सा सुविधाएं: प्रवास के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सहायता और डॉक्टरों की टीम अलर्ट मोड पर रहेगी।
- डायस प्लान व राष्ट्रगान: कार्यक्रम का संचालन भारत सरकार द्वारा निर्धारित डायस प्लान के अनुसार होगा। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी इस समीक्षा बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर और एम्स रायपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।