3 साल बाद पर्दे पर लौटी अमलेश नागेश और चॉकलेटी बॉय मन कुरैशी की हिट जोड़ी, फिल्म ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का धमाकेदार ट्रेलर लॉन्च
रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के प्रेमियों के लिए एक बड़ी और मनोरंजक खबर सामने आई है। दर्शकों की पसंदीदा जोड़ी, कॉमेडी किंग अमलेश नागेश और चॉकलेटी बॉय मन कुरैशी करीब तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ धमाल मचाने आ रहे हैं। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का ट्रेलर 22 अगस्त को रायपुर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भव्य रूप से लॉन्च किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम में सतीश जैन, अनुज शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश अग्रवाल, राज वर्मा, मोहित साहू और पवन सिंह जैसी छत्तीसगढ़ी सिनेमा की नामचीन हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

नई पीढ़ी के ‘यो’ स्टाइल और पुरानी परंपराओं का संगम रोमांस और कॉमेडी के ताने-बाने से बुनी यह फिल्म छत्तीसगढ़ की सोंधी माटी, यहाँ की लोक-संस्कृति, निश्छल प्रेम और लोगों की हाजिरजवाबी को बड़े ही सहज अंदाज में पेश करती है। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें एक तरफ जहां पुरानी परंपराओं और लोकगीतों की मिठास है, वहीं दूसरी तरफ आज के युवाओं का सोशल मीडिया के प्रति जुनून और ‘यो’ स्टाइल भी देखने को मिलेगा।
मुख्य किरदारों का नया अवतार फिल्म में चार मुख्य किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती एक दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी:
- अमलेश नागेश: आधुनिक यूट्यूबर ‘माही’ के रोल में हैं, जो आज के डिजिटल युग के युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है।
- मन कुरैशी: एक भावुक और सीधा-सादा बैंडमास्टर ‘महिंदर’ का किरदार निभा रहे हैं।
- इशिका यादव: गांव की चुलबुली और नटखट लड़की की भूमिका में हैं।
- काजल सोनबर: शहर की स्मार्ट लड़की ‘गायत्री’ का किरदार निभाती नज़र आएंगी।
मजबूत निर्देशन और सुरीला संगीत प्रसिद्ध फिल्ममेकर मनीष मानिकपुरी द्वारा प्रस्तुत इस पारिवारिक फिल्म के निर्माता प्रणय गर्ग और सह-निर्माता निशेष त्रिपाठी हैं। फिल्म का निर्देशन राहुल प्रताप सिंह ने किया है, जबकि छायांकन (सिनेमैटोग्राफी) विद्या नाथ भारती का है।
फिल्म में कुल 7 मनमोहक गीत शामिल हैं, जिन्हें अल्का चंद्राकर, अनुराग शर्मा और अनुपमा मिश्रा जैसे दिग्गज गायकों ने आवाज दी है। संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज़ खान ने तैयार किया है। इसके अलावा फिल्म में संजय महानंद, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी और प्रदीप शर्मा जैसे दिग्गज कलाकार भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।