आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने कुरूद की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और योजनाओं का किया निरीक्षण
रायपुर, विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का मैदानी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का निरीक्षण किया तथा चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
श्रमिकों से संवाद और आजीविका गतिविधियों की समीक्षा
ग्राम धूमा में बालिका शौचालय निर्माण के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने श्रमिकों से समय पर मजदूरी भुगतान के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे मछली पालन की गतिविधियों का जायजा लिया और ग्रामीण आजीविका को अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
डिजिटल माध्यमों से कार्यों का अवलोकन
पंचायत भवन धूमा में आयुक्त ने क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायत में स्वीकृत और पूर्ण हुए विकास कार्यों की जानकारी देखी। उन्होंने क्लार्ट ऐप और युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की तथा पंचायत सचिव व ग्राम रोजगार सहायक से ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ के अंतर्गत निर्माणाधीन मकानों की प्रगति रिपोर्ट ली।
स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश
निरीक्षण के उपरांत जनपद पंचायत कुरूद में कार्यक्रम अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने निर्देश दिए कि:
- ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना केवल औपचारिकता न होकर स्थानीय जरूरतों के अनुसार उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बननी चाहिए।
- सभी प्रस्तावित कार्यों को ‘सिक्योर’ (Secure), ‘क्लार्ट’ (Clart) और ‘युक्तधारा’ पोर्टल में समय पर शामिल कर स्वीकृति प्राप्त की जाए।
- बारिश के दौरान और उसके बाद की प्राथमिकताओं के आधार पर टिकाऊ विकास कार्यों का चयन किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।