5वें सेमेस्टर में अटके छात्रों को मिली बड़ी राहत, अध्यादेश में होगा संशोधन: उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा
रायपुर, प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत अध्ययनरत हजारों छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है। प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक-दो विषयों में अनुत्तीर्ण होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित हो रहे विद्यार्थियों को सरकार ने अनंतिम (Provisional) प्रवेश देने की घोषणा की है। इस निर्णय से छात्रों का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच जाएगा।
छात्र हित में अध्यादेश में होगा संशोधन
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि इसके क्रियान्वयन में कोई व्यावहारिक अड़चन आती है, तो छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उसका तत्काल समाधान किया जाएगा।
इस फैसले के मुख्य बिंदु:
- अनंतिम प्रवेश: प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के 1-2 पेपर में एरियर (ATKT) वाले छात्रों को 5वें सेमेस्टर में provisional दाखिला मिलेगा।
- अध्यादेश में बदलाव: छात्रों के व्यापक हित को देखते हुए जल्द ही संबंधित विश्वविद्यालय अध्यादेशों (Ordinances) में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके शैक्षणिक उत्थान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है तथा किसी भी छात्र का साल बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।