आधार बना जीवन का आधार: वृद्ध कृषक की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ निराकरण
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत झलपी के 75 वर्षीय वासुदेव गुप्ता का रुका हुआ [Aadhaar Redacted] अपडेट हो गया है, जिससे उनके लिए शासकीय योजनाओं के रास्ते खुल गए हैं। चार साल तक तकनीकी अड़नों और भागदौड़ के बाद जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से उनकी यह समस्या दूर हुई।
चार वर्षों का संघर्ष
वासुदेव गुप्ता बीते चार वर्षों से अपने दस्तावेजों को ठीक कराने के लिए स्थानीय आधार केंद्रों और अंबिकापुर स्थित सेवा केंद्र के चक्कर काट रहे थे। हर बार तकनीकी कारणों से उनका आवेदन निरस्त हो जाता था, जिससे उनकी उम्मीदें टूटने लगी थीं।
प्रशासन की त्वरित पहल
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिला प्रशासन और तकनीकी टीम (ई-डीएम, डीसी एवं एमटीओ) ने मामले की गहराई से पड़ताल की। आपसी समन्वय से तकनीकी अड़चनों को दूर करते हुए दस्तावेज को सफलतापूर्वक तैयार कर लिया गया।
योजनाओं के खुले द्वार
दस्तावेज अपडेट होने से अब वासुदेव गुप्ता एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीयन करा सकेंगे, जिससे उन्हें धान विक्रय और कृषि-हितैषी योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पेंशन, राशन कार्ड की ई-केवायसी, बैंकिंग सेवाओं और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है, जिससे वृद्धावस्था में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।